14 लाख की लूट मामले में बजरंग दल और पुलिस आमने-सामने, सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी पर विवाद
देहरादून में लूट के मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी पर विवाद बढ़ गया है.
देहरादून: देहरादून के कोतवाली पटेलनगर में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद विवाद गहरा गया है. बजरंग दल ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए घटना को फर्जी लूट बताया और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की है. वहीं, पुलिस ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए बजरंग दल के नेता सिद्धांत बडोनी समेत सात आरोपियों की गिरफ्तारी को साक्ष्यों के आधार पर की गई कार्रवाई बताया है. पुलिस द्वारा सातों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज चुकी है.
बजरंग दल के प्रांतीय अध्यक्ष अनुज वालिया ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सामान्य विवाद को लूट का मामला बना दिया और सिद्धांत बड़ोनी को झूठे मुकदमे में फंसाया है. उन्होंने घटनास्थल के व्यस्त चौराहे पर होने, सीसीटीवी फुटेज और कथित लूट की रकम को लेकर कई सवाल उठाए. साथ ही शिकायतकर्ता राजेश कुमार सोनी के कारोबार और 14 लाख रुपये की नकदी के स्रोत की जांच कराने की मांग की.
अनुज वालिया ने यह भी दावा किया कि सिद्धांत ने दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में मदद की थी. उन्होंने पुलिस हिरासत में सिद्धांत के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने के गंभीर आरोप लगाए. संगठन ने कथित पुलिस प्रताड़ना और पूरे लूटकांड की सीबीआई जांच कराने के साथ संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
मामले की करीब डेढ़ सप्ताह तक जांच की गई. इस दौरान मिले चश्मदीदों के बयान, पर्याप्त साक्ष्य और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. स्पष्ट किया कि पुलिस किसी संगठन को निशाना नहीं बना रही है.
-शेखर सुयाल, एसपी सिटी-
एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि कार्रवाई में व्यक्ति की भूमिका और उसके खिलाफ मिले साक्ष्यों को आधार बनाया गया है. बजरंग दल की ओर से उठाए गए सवालों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और संगठन के प्रतिनिधियों से बातचीत की जाएगी. साथ ही बताया है कि अगर इनके कोई बिंदु है तो उन पर विचार किया जाएगा.
पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर न्यायालय में पेश करने के बाद सातों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. वहीं घटना में शामिल फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है. वहीं, गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई को लेकर बजरंग दल और पुलिस के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है.
