1200-675-28213710-817-28213710-1795829685045

टेलीग्राम के सीईओ पावेल ड्यूरोव ने चेतावनी दी है कि पुराने आईओएस सॉफ्टवेयर वाले आईफोन सिर्फ एक वेबसाइट खोलने से हैक हो सकते हैं.

हैदराबाद: अगर आप आईफोन इस्तेमाल करते हैं और काफी लंबे समय से अपने फोन का सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं किया है तो यह ख़बर आपके लिए बेहद जरूरी है. मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम के मालिक पावेल ड्यूरोव ने शुक्रवार को अपने एक्स अकाउंट के जरिए आईफोन यूज़र्स को एक बड़ी चेतावनी दी है.

उन्होंने बताया है कि पुराने आईओएस (iOS) वर्ज़न वाले आईपोन यूज़र्स बड़े पैमाने पर साइबर हैकर्स के निशाने पर हैं. इसी खतरे को देखते हुए टेलीग्राम अपने उन सभी यूज़र्स को ऐप के अंदर ही एक खास चेतावनी भेज रहा है, जो पुराना सॉफ्टवेयर चला रहे हैं.

सिर्फ एक वेबसाइट खोलते ही हैक

पावेल ड्यूरोव ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर आपके आईफोन का सॉफ्टवेयर थोड़ा भी पुराना है, आपका निजी डेटा और बैंक या सोशल मीडिया अकाउंट्स पर खतरा मंडरा रहा है. हैकर्स इतने एक्टिव हैं कि किसी अनजान या खराब वेबसाइट को सिर्फ खोलने से ही आपका फोन हैक हो सकता है. हालांकि, ड्यूरोव ने यह नहीं बताया कि इस हमले के पीछे कौनसी खास टेक्निकल ग्लिच है. उन्होंने यह भी नहीं बताया कि इससे कितने फोन प्रभावित हो चुका है और किस खास पुराने वर्ज़न से फोन हैक हो रहा है.

पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी चेतावनियां

ऐसा पहली बार नहीं है कि आईफोन के पुराने सॉफ्टवेयर पर खतरा जताया गया हो. इससे पहले अप्रैल महीने में एपल कंपनी ने भी स्वीकार किया था कि खराब वेबसाइट्स के जरिए पुराने आईफोन को निशाना बनाने वाले हमलों को रोकने के लिए उसने नए सुधार जारी किए हैं.

इसके अलावा 6 नवंबर को क्रिप्टो वॉलेट कंपनी ट्रस्ट वॉलेट ने भी यूज़र्स को आगाह किया था.कंपनी ने बताया था कि खतरनाक वेबसाइट्स पुराने आईओएस वाले आईफोन से सीधे फोन में सेव वॉलेट डेटा चुरा सकती हैं, भले ही वॉलेट ऐप में कोई गड़बड़ी न हो.

अपने आईफोन को सुरक्षित कैसे रखें

इस बड़े खतरे से बचने का सबसे आसान तरीका अपने फोन को तुरंत अपडेट करना है. टेलीग्राम के नोटिस में भी यूज़र्स को अपने फोन को जल्द से जल्द अपडेट करने की सलाह दी गई है और एपल खुद भी अपने यूज़र्स को यही सलाह देता है.

  • इसके लिए आप अपने आईफोन की Settings में जाएं
  • फिर General पर क्लिक करें
  • इसके बाद Software Update में जाकर नया अपडेट इंस्टॉल करें.

अपडेट इस बात पर निर्भर करता है कि आपका फोन का मॉडल कौनसा है. एप्पल का सबसे नया सॉफ्टवेयर iOS 27.2.1 है. वहीं iPhone XS, XS Max और XR जैसे पुराने मॉडल्स के लिए कंपनी ने 9 नवंबर को iOS 18 का एक अलग सुरक्षा अपडेट जारी किया है.

You may have missed