अमित मैखंडी ने जिला अधिकारी के साथ किया यात्रा मार्ग का निरीक्षण
अमित मैखंडी ने जिला अधिकारी के साथ किया यात्रा मार्ग का निरीक्षण
आगामी केदारनाथ यात्रा 2026 की तैयारियों को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के उद्देश्य से जिला अधिकारी रुद्रप्रयाग एवं समस्त जिला प्रशासन के साथ यात्रा मार्ग का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान अमित मैखंडी, जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण एवं प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा भाजपा, विशेष रूप से उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग की स्थिति, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता प्रबंधन, पार्किंग स्थल, स्वास्थ्य सेवाएँ, आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। जिला अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि यात्रा से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएँ, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर अमित मैखंडी ने यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु विभिन्न जनहित विषयों पर जिला अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने आग्रह किया कि यात्रा को भव्य, दिव्य एवं सुरक्षित बनाने के लिए आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
अमित मैखंडी ने कहा कि बाबा केदारनाथ की पावन धाम यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के सामूहिक सहयोग से यात्रा को आदर्श एवं व्यवस्थित स्वरूप देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की सक्रियता से इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा ऐतिहासिक, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप में संपन्न होगी, जिससे श्रद्धालुओं को एक दिव्य आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होगा।
