इंसानियत का उत्सव : 210 यूनिट रक्त से बचेंगी कई जिंदगियां
इंसानियत का उत्सव : 210 यूनिट रक्त से बचेंगी कई जिंदगियां
राजेश रावत की पहल— पत्रकारों, रक्तदाताओं और जरूरतमंदों को पैथोलॉजी जांचों में 50% तक राहत
देहरादून में मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की एक भावुक तस्वीर उस समय सामने आई, जब नेहरू कॉलोनी 6 नंबर पुलिया के निकट स्थित लाइफ केयर पैथोलॉजी सेंटर और लाइफ केयर फाउंडेशन द्वारा 15वें विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाज के विभिन्न वर्गों से आए लोगों ने इस सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 210 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। सुबह से ही रक्तदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर यह संदेश दिया कि इंसानियत की सबसे बड़ी पहचान किसी की जिंदगी बचाने की कोशिश में है।
इस सेवा भाव के बीच एक और दिल छू लेने वाली पहल की घोषणा भी हुई। लाइफ केयर पैथोलॉजी सेंटर के निदेशक राजेश रावत ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों, मान्यता प्राप्त पत्रकारों, रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं व उनके परिजनों तथा आर्थिक रूप से कमजोर जरूरतमंद लोगों को सेंटर में होने वाली विभिन्न पैथोलॉजी जांचों पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जाएगी।
राजेश रावत ने बातचीत में कहा उनकी पैथोलॉजी लैब की स्थापना केवल व्यवसाय के उद्देश्य से नहीं, बल्कि सेवा की भावना से हुई है। वर्षों से वे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद करते आ रहे हैं और जरूरत पड़ने पर कई लोगों की जांचें निशुल्क भी कराई जाती हैं। उनका मानना है कि समय पर जांच और सही उपचार किसी भी व्यक्ति के जीवन को बचा सकता है, इसलिए स्वास्थ्य सुविधाएं हर व्यक्ति की पहुंच में होनी चाहिए।
आज के दौर में जब स्वास्थ्य जांच कई लोगों के लिए महंगी साबित होती है, ऐसे में यह पहल समाज के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का उदाहरण बनकर सामने आई है। रक्तदान शिविर में मौजूद लोगों ने भी इस निर्णय को समाजहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
राजेश रावत की यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाएगी, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की उस भावना को भी मजबूत करेगी, जो किसी भी सभ्य समाज की असली पहचान होती है।
