सरकारी स्कूल के छात्रों के लिए खुशखबरी, 10वीं-12वीं के बच्चों को टैबलेट खरीदने के लिए सरकार देगी पैसा

1200-675-27665820-thumbnail-16x9-pic89-aspera

राजकीय विद्यालयों के 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट के लिए धामी सरकार ने धनराशि देने का फैसला लिया है.

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 140 छात्र-छात्राओं से संवाद किया. इस दौरान सीएम ने विद्यार्थियों के विचारों, सुझावों और भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनके विजन को जाना. उन्होंने कहा कि युवाओं से प्राप्त उपयोगी और व्यावहारिक सुझावों को राज्य सरकार की योजनाओं और नीति-निर्धारण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.

मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान घोषणा किया कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब उपलब्ध कराने के लिए उनके खातों में डीबीटी के जरिए धनराशि प्रदान की जाएगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने और विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन में तमाम उप-विषयों में बेहतर विचार रखने करने वाले विद्यार्थियों को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया.

शिक्षा एवं युवा अवसर विषय में मयूह भंडारी और रवीना, पर्यावरण, वन एवं आपदा प्रतिरोधक क्षमता में शेरोन कपूर, स्वास्थ्य एवं जन सेवाएं में सतीश कुमार, पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन एवं रोजगार में माही बलाई, सड़क, संपर्क एवं आधारभूत संरचना में श्रितिका रावत, प्रौद्योगिकी एवं सुशासन में प्रियांशु सजवाण, पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था में दृष्टि चैहान और महिला एवं बाल कल्याण विषय में अनुष्का नेगी विजेता रहे.सीएम ने चयनित सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन अभियान में प्रदेश के 2 लाख 67 हजार 744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध, विचार और सुझाव साझा किए.

इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी बताता है कि उत्तराखंड का युवा अपने राज्य के भविष्य और विकास को लेकर जागरूक और गंभीर है. उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, वन एवं पर्यावरण, खेल, पलायन, स्वरोजगार, स्टार्टअप तथा गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने समेत तमाम महत्वपूर्ण विषयों पर सुझाव दिए हैं. युवाओं की सोच और नवाचार विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.

सीएम धामी ने कहा कि सरकार और युवाओं के बीच संवाद लगातार बना रहना चाहिए. कार्यक्रम के दौरान शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ किए गए संवाद का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन और युवाओं के बीच इस प्रकार का वैचारिक मंथन नई सोच और बेहतर नीति-निर्माण में सहायक होगा. युवाओं से कहा कि आज की युवा पीढ़ी तकनीक, नवाचार और नई सोच के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है. पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने साल 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा है और इस लक्ष्य को हासिल करने में आज की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें सही अवसर, सही दिशा और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने की है. बदलते समय में युवाओं को एआई, रोबोटिक्स, डिजिटल एवं आधुनिक मांग आधारित कौशल से जोड़ना आवश्यक है. सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उन्हें उद्यमिता और स्वरोजगार के जरिए रोजगार सृजित करने के लिए भी प्रोत्साहित करना है. पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अधिक अवसर सृजित करने के लिए औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को विस्तार दिया जा रहा है.

 

You may have missed