हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा, बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत, दो घायल

1200-675-28023194-thumbnail-16x9-road-accident-aspera

नैनीताल जनपद में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. सड़क हादसों में आए दिन लोग जान गंवा रहे हैं.

हल्द्वानी: हल्द्वानी के रामपुर रोड पर टांडा जंगल में दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिए हैं. हादसे की वजह ओवरटेक करना माना जा रहा है. वहीं घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

हल्द्वानी के टांडा जंगल में बीती देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. रामपुर रोड पर एस-मोड़ से करीब दो सौ मीटर पहले दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए. दुर्घटना की सूचना मिलते ही टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची. सभी घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया.

जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान 30 वर्षीय सौरभ बिष्ट निवासी मंगोलिया, कालाढूंगी और 28 वर्षीय राजू गुप्ता निवासी रम्पुरा, रुद्रपुर के रूप में हुई है. सौरभ बिष्ट नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक में ग्राम विकास अधिकारी यानी वीडीओ के पद पर तैनात थे. बताया जा रहा है कि वह अपने साथी बृजेश सती के साथ रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर आ रहे थे. वहीं दूसरी बाइक पर सवार राजू गुप्ता अपने साढ़ू प्रेमशंकर शर्मा के साथ रिश्तेदारी में शादी का निमंत्रण कार्ड देने हल्द्वानी आया था. वापस रुद्रपुर लौटते समय दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई.

हादसे में घायल 32 वर्षीय बृजेश सती निवासी कालाढूंगी और 50 वर्षीय प्रेमशंकर शर्मा निवासी रम्पुरा का अस्पताल में उपचार चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार बृजेश की हालत नाजुक बताई जा रही है. हल्द्वानी कोतवाली के एसएचओ विजय मेहता के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में ओवरटेक के दौरान दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम छाया हुआ है.

You may have missed